जालौन
डीवी कॉलेज हीरक जयंती पर लिया प्रगतिवादी दिशा में कार्य करने का लिया संकल्प
कॉलेज में नौ ग्रहों के प्रतीक वृक्ष स्थापित कर नवग्रह वाटिका का किया लोकार्पण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। शहर के प्रतिष्ठित डीवी कॉलेज में सोमवार शाम को स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रबन्धकारिणी कमेटी अध्यक्ष डॉ. दिलीप सेठ, मुख्य अतिथि डॉ देवेन्द्र कुमार मंत्री प्रबंधकारिणी कमेटी, अजीत कुमार खरे, कैलाश नारायण खरे, डीवी कॉलेज वैदिक समिति उपाध्यक्ष डॉ. (श्रीमती) नीलम मुकेश, सदस्य अमित श्रीवास्तव, अमिताभ श्रीवास्तव, आनन्द यादव, अनन्त खरे, प्राचार्य प्रो. राजेश चन्द्र पांडेय आदि द्वारा माँ सरस्वती का पूजन एवं दीप प्रज्वालन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ बैज के माध्यम से किया गया। सरस्वती वंदना और स्वागत गीत कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया। स्वागत उद्बोधन प्रो. अलका रानी पुरवार, संयोजक, आईक्यूएसी ने किया। महाविद्यालय के 75 वर्षों की समग्रता की प्रतीक प्रगति आख्या प्रो. राजेश चन्द्र पांडेय प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रा जिया देवी द्वारा भजन और गजल की प्रस्तुतियां दी गई। कॉलेज के 75 वर्षों की गौरवशाली गाथा के क्रम में डॉ. राजेश पालीवाल एवं डॉ. सर्वेश कुमार शाण्डिल्य द्वारा सम्पादित आईएसबीएन पुस्तक “महर्षि दयानन्द का समग्र चिन्तन एवं वैदिक वाङ्मय” और डॉ. नीरज कुमार द्विवेदी द्वारा सम्पादित संदर्शिका न्यूज लेटर का मंचासीन अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। कॉलेज में नवग्रह वाटिका की स्थापना कर लोकार्पण किया गया। जिसमें सूर्य से लेकर सभी नौ ग्रहों के प्रतीक वृक्ष स्थापित किए गए। मंत्री डॉ. देवेन्द्र कुमार ने कहा कि कॉलेज की स्थापना में जिन मनीषियों का योगदान है वह आज महाविद्यालय को उन्नति के शिखर पर देखकर अवश्य ही प्रसन्न होंगे। प्रबंधतंत्र इसी प्रकार से संस्था की उन्नति के लिए सतत प्रगतिवादी दिशा में कार्य करने के लिए सहयोग प्रदान करता रहेगा। अध्यक्ष डॉ. दिलीप सेठ ने सभी को हीरक जयंती की बधाई दी और कहा कि मैं भी संस्था का विद्यार्थी रहा हूं और आज उत्तरदायित्व निभा रहा हूं। आज मुझे आज अत्यंत हर्ष की अनुभूति हो रही है। कार्यक्रम का संचालन डॉ माधुरी रावत एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. गौरव यादव ने किया।


