
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन के विश्व प्रसिद्ध मुड़िया मेले के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मेले में 31 वॉच टावर और 183 सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सुपर जोन, जोन और सेक्टर में अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी परिस्थिति से तत्काल निपटा जा सके। भीड़ प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। मेला क्षेत्र की निगरानी आधुनिक तकनीक से की जा रही है। इसके लिए क्षेत्र में 183 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे कंट्रोल रूम के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं, दिशा-निर्देश और यातायात संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 350 पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम लगाए गए हैं।



