गोड्डा

जिला समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों, लाभुकों को भुगतान, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आंगनबाड़ी सेवाएं, पोषण अभियान, किशोरी सशक्तिकरण कार्यक्रम, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। किसी भी पात्र लाभुक को योजना से वंचित नहीं रहने दिया जाए तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी प्रखंडों में नियमित निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए तथा किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उपायुक्त ने लाभुकों के आधार सत्यापन, बैंक खाते की त्रुटियों का शीघ्र निराकरण तथा डीबीटी भुगतान की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश भी दिया। बैठक के दौरान आधार आधारित छात्र ट्रैकिंग एवं APAAR ID निर्माण की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त श्री लोकेश मिश्रा ने सभी प्रखंडों में शत-प्रतिशत आधार सीडिंग एवं APAAR ID निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार जिले में कुल 66,280 सक्रिय बच्चों में से 8,230 बच्चों का स्वयं का आधार उपलब्ध है, जिनमें 6,697 बच्चों का APAAR ID बनाया जा चुका है। आधार उपलब्ध बच्चों के विरुद्ध APAAR ID निर्माण की जिला प्रगति 81.37 प्रतिशत दर्ज की गई। उपायुक्त ने जिन प्रखंडों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे का आधार सत्यापन एवं APAAR ID निर्माण बच्चों के शैक्षणिक अभिलेखों के डिजिटलीकरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए अत्यंत आवश्यक है। बैठक में सुंदरपहाड़ी एवं बोआरीजोर में पोषण स्तर में सुधार, कुपोषित बच्चों की पहचान, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रभावी संचालन पर भी विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अलका हेंब्रम एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सुपरवाइजर उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button