श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर मंत्री सुदिव्य कुमार ने की समीक्षा बैठक
Minister Sudivya Kumar held a review meeting regarding preparations for the Shravani Mela 2026.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
देवघर। आगामी राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार की अध्यक्षता में देवघर परिसदन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवासन व्यवस्था और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त देवघर सौरभ कुमार भुवानिया एवं उपायुक्त दुमका अभिजीत सिन्हा ने विभागवार तैयारियों, श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की। मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक निर्धारित है। उन्होंने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ की नगरी में सुलभ एवं सुरक्षित जलार्पण कर बेहतर अनुभूति के साथ वापस लौट सकें। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और समान व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आउट ऑफ टर्न दर्शन (VIP/VVIP दर्शन) की व्यवस्था पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने बताया कि 29 तारीख को देवघर एवं दुमका में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की पुनः समीक्षा की जाएगी। मंत्री ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला झारखंड का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने मेला क्षेत्र में बनने वाले टेंट सिटी में श्रद्धालुओं के आवासन की सुविधा को पहले से अधिक बेहतर और विस्तृत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, साफ-सफाई, कूड़ा उठाव, स्वास्थ्य केंद्र, सूचना सह सहायता केंद्र, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को चौबीसों घंटे दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। गर्मी और उमस को देखते हुए मेला क्षेत्र में मिस्ट कूलिंग सिस्टम और इंद्र वर्षा की संख्या बढ़ाने को कहा गया। देवघर और बासुकीनाथ के बीच श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को लेकर जिला प्रशासन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकसित किए गए क्यूआर कोड आधारित फीडबैक सिस्टम को प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्देश दिया गया। इसके माध्यम से श्रद्धालु अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे और संबंधित विभाग द्वारा उनका त्वरित समाधान किया जाएगा। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इसमें एआई आधारित इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम, एआई कैमरा, चैटबॉट सूचना एवं हेल्पलाइन, एआई आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, फेस रिकग्निशन कैमरा, हेड काउंटिंग सिस्टम, हाई क्वालिटी एएनपीआर कैमरा, क्यूआर आधारित शिकायत प्रणाली और लोकेशन बेस्ड अटेंडेंस सिस्टम जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं को अपने-अपने कार्यों को समय पर पूरा करने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, विभिन्न विभागों के सचिव, संथाल परगना प्रमंडल के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



