
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बरेली पुलिस ने फर्जी GST बिल के जरिए करोड़ों की टैक्स चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। एसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर गठित एसआईटी ने थाना इज्जतनगर और कैंट पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी फर्म “हिम ट्रेड्स” के संचालक समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रकरण में 12 जनवरी 2026 को सहायक आयुक्त राज्य कर गौरव सिंह ने तहरीर दी थी कि हिम ट्रेड्स GSTIN-09EYIPK4947LIZN के प्रोपराइटर हिमांशु कुमार ने फर्जी चालान जारी कर इनपुट टैक्स क्रेडिट के माध्यम से 16 करोड़ 26 लाख 62 हजार 609 रुपये की धोखाधड़ी की है।
पुलिस ने 23 जुलाई को नैनीताल रोड से हिमांशु कुमार निवासी अरवल, बिहार और कुंवर सनोज मौर्य निवासी तुलसी नगर, बरेली को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने बताया कि 2019 से फर्जी बिल बनाकर टैक्स पास-ऑन किया जा रहा था। हिमांशु ने 3 लाख और सनोज ने 7 लाख कमीशन कमाया। दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने फर्म के अन्य लिंक भी खंगालना शुरू कर दिया है।


