पृथ्वीनगर में अग्निकांड पीड़ितों से मिलीं विधायक निसात आलम, राहत सामग्री वितरित कर हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
MLA Nishat Alam met the victims of the fire incident in Prithvinagar; she distributed relief supplies and assured them of all possible assistance.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ सदर प्रखंड अंतर्गत पृथ्वीनगर पंचायत के पृथ्वीनगर गांव में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक ही परिवार के पांच मकान जलकर राख हो गए। इस हादसे में घर का समस्त सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन, आवश्यक दस्तावेज तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएँ पूरी तरह नष्ट हो गईं। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। घटना की सूचना मिलने पर पंचायत के मुखिया पति सेलिम हुसैन ने पाकुड़ विधानसभा की विधायक निसात आलम को दूरभाष के माध्यम से पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही विधायक ने तत्काल पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए पहल की। शनिवार को विधायक निसात आलम पृथ्वीनगर गांव पहुंचीं और अग्निकांड से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ितों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस परिवार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों के बीच आर्थिक सहायता, राशन, कपड़े एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने तथा सरकारी योजनाओं के तहत क्षतिग्रस्त मकानों के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भी आश्वासन दिया। विधायक निसात आलम ने प्रशासन से घटना का शीघ्र सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं सरकारी राहत सुविधाएँ उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी हरसंभव सहायता के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पीड़ित परिवारों का हौसला बढ़ाया और कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ सेवा करती रहेगी। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, पूर्व कोषाध्यक्ष असद हुसैन सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।



