
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। करुणा बुद्ध विहार आमला में आगामी 29 जुलाई को आयोजित होने वाले धर्मचक्र प्रवर्तन दिवस एवं वर्षवास आरंभ समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को श्रद्धालु उपासक-उपासिकाओं ने पूज्य भिक्षु संघ को विधि-विधान के साथ वर्षवास आरंभ करने का आमंत्रण दिया। श्रद्धा और भक्ति से संपन्न इस आयोजन में बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायियों ने भाग लेकर आगामी समारोह को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूज्य भंते मेतानन्द जी एवं पूज्य भंते बिमलंकर जी के सानिध्य में आगामी तीन माह तक वर्षवास संपन्न होने की घोषणा की गई। वर्षवास के दौरान दोनों पूज्य भिक्षु संघ करुणा बुद्ध विहार में निवास करते हुए श्रद्धालुओं को धम्म देशना, विपश्यना साधना, त्रिशरण-पंचशील, ध्यान तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से धम्म का मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
आमंत्रण कार्यक्रम में सुजाता महिला मंडल की अध्यक्ष आयुमति वत्सला अतुलकर, निर्मला सूर्यवंशी, ज्योति नागले, माया खडसे, सरोज चौकीकर, शीला सूर्यवंशी, चंद्रकला गायकवाड़, निर्मला पंडोले, प्रमिला नारनवरे, अलका गुजरे, इंद्रा नागले, अनीता चौकीकर तथा भारतीय बौद्ध महासभा, आमला के अध्यक्ष आयुष्मान यशवंत झरबड़े के सानिध्य में काशीनाथ सूर्यवंशी, हरिदास अतुलकर, गणपति उबनारे, दिलीप दवण्डे, अजाबराव चौकीकर, नवीन नागले, राजकुमार निरापुरे, इंद्रलाल चंदेलकर, शिवप्रसाद गुजरे, विनोद नागले सहित बड़ी संख्या में उपासक एवं उपासिकाओं ने अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ पूज्य भिक्षु संघ को चीवर दान अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उपासक-उपासिकाओं ने धर्मचक्र प्रवर्तन दिवस एवं वर्षवास आरंभ समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।



