मथुरा
वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर के पास महिला को लगा करंट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर के निकट गली नंबर-तीन में लगे बिजली के पैनल बॉक्स से निकल रहे तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु आ गई। करंट लगते ही महिला घबराकर जोर-जोर से राधे-राधे पुकारने लगी। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत महिला को संभाला, उसके हाथों को मलकर प्राथमिक सहायता दी। कुछ देर बाद उसकी हालत सामान्य हुई। हुई घटना से श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने विद्युत निगम और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और विद्युत निगम के अधिकारियों को जानकारी दी। निगम की टीम मौके पर पहुंची और पैनल बॉक्स की जांच कर तकनीकी खराबी व पैनल की मरम्मत कर करंट की समस्या को दूर किया। मरम्मत के बाद पैनल बॉक्स को पॉलीथिन से ढक दिया गया ताकि बारिश या नमी के कारण दोबारा करंट फैलने की आशंका न रहे। अधिशासी अभियंता अनिल पाल ने बताया कि मंदिर क्षेत्र में जितने भी पैनल लगे हैं उनको पॉलीथिन से पैक कराया जाएगा।


