सिंगरौली

कलेक्टर की पहल से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। शासकीय मेडिकल कॉलेज सिंगरौली के विद्यार्थियों को जल्द ही आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीएसआर मद के माध्यम से मेडिकल कॉलेज परिसर में विभिन्न खेल अधोसंरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा।
कलेक्टर गौरव बैनल की पहल एवं प्रयासों से मेडिकल कॉलेज परिसर में आधुनिक एक्रिलिक बास्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, बिलियर्ड्स कक्ष, दो टेबल टेनिस टेबल और तीन बैडमिंटन कोर्ट विकसित किए जाएंगे। इन सुविधाओं के तैयार होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों और शारीरिक फिटनेस के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों के लिए खेल सुविधाओं की कमी को महसूस किया था। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सीएसआर मद से आवश्यक खेल अधोसंरचना विकसित कराने की पहल की, ताकि चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए बेहतर संसाधन मिल सकें।
कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के साथ उनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य भी महत्वपूर्ण है। खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।
हाल ही में इस खेल सुविधा परियोजना को आदित्य बिरला सीएसआर से स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। नई खेल सुविधाओं से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को आधुनिक खेल संसाधनों के साथ बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button