
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट हो गया है। 28 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम ने थाना क्षेत्र स्थित धोपेश्वर महादेव मंदिर और अलखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की आवाजाही का गहन परीक्षण किया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूर्ण सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात सुचारु रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया। कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।




