आईआईएमटी विश्वविद्यालय में 31 जुलाई को होगा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का आगाज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्तशासी निकाय माय भारत के तत्वावधान में राष्ट्रीय अभियान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के अंतर्गत जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 31 जुलाई को आईआईएमटी विश्वविद्यालय, गंगानगर में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी यशवंत यादव ने बताया कि कार्यक्रम में लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं माइम, पेंटिंग, वाद-विवाद, शॉर्ट फिल्म/रील, स्लोगन लेखन तथा स्लैम पोएट्री सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेरठ जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर भी ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्र होगा।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान 15 अगस्त तक पूरे जनपद में संचालित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में नशामुक्ति शपथ, जनजागरूकता अभियान, फिट इंडिया गतिविधियों तथा विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
माय भारत केंद्र, मेरठ ने जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, युवा क्लबों तथा अन्य युवा संगठनों से अधिक से अधिक युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।


