15 दिनों बाद बहाल हुई पाकुड़ शहरी जलापूर्ति योजना, सैकड़ों परिवारों को मिली राहत
Pakur urban water supply scheme restored after 15 days; hundreds of families get relief.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। लगभग 15 दिनों से ठप पड़ी पाकुड़ शहरी जलापूर्ति योजना शनिवार को पुनः चालू हो गई। इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिली है। जलापूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के पानी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही थी, जिससे आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जल संकट की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद के उपाध्यक्ष राणा ओझा के नेतृत्व में वार्ड पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मेघा भारद्वाज से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। प्रतिनिधिमंडल ने बताया था कि जलापूर्ति बंद रहने से नगर परिषद क्षेत्र के सैकड़ों परिवार प्रभावित हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। साथ ही योजना को शीघ्र चालू कराने की मांग की गई थी। प्रतिनिधिमंडल में वार्ड पार्षद निभा देवी, तनु दास, रेखा सरदारनी, पूनम देवी, अनिकेत गोस्वामी, राजा अंसारी, रियाज अंसारी, कमल राउत एवं गुड्डू भगत शामिल थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। प्रशासन के निर्देश के बाद विभागीय अधिकारियों और तकनीकी टीम ने लगातार अभियान चलाकर तकनीकी खराबी दूर की और जलापूर्ति व्यवस्था को पुनः सुचारु बनाया। इस बीच नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने चांदपुर स्थित पुठीमारी इंटकवेल पहुंचकर मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने चार मोटरों में से बंद पड़ी मोटर को शीघ्र स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही नगर परिषद के कनीय अभियंता सुमन कुमार को गंगा नदी के भीतर बिछी पाइपलाइन की नियमित सफाई (वाशिंग) की कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि भविष्य में बालू और कचरा पाइपलाइन में प्रवेश कर जलापूर्ति बाधित न कर सके। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद निभा देवी, पूनम देवी, तनु दास, बिमल चंद्र राउत, अनिकेत गोस्वामी तथा रियाज अंसारी मौजूद थे। ऑपरेटर मिसटारूल शेख एवं सुजन दास ने बताया कि गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से पाइपलाइन में बालू और कचरा प्रवेश कर गया था, जिसके कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई। तकनीकी टीम ने लगातार प्रयास कर पाइपलाइन की सफाई और मरम्मत पूरी की, जिसके बाद जलापूर्ति सामान्य हो सकी।
जलापूर्ति बहाल होने के बाद नगरवासियों में खुशी का माहौल है। नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों तथा तकनीकी कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की तत्परता और विभागीय टीम की मेहनत से हजारों लोगों को पेयजल संकट से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जायेंगे।



