जामताड़ा
प्रतिबंधित मांस के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमुंडी पंचायत के बन भीतर गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने मुरली पहाड़ी निवासी डाउट मियां को कथित प्रतिबंधित मांस के साथ पकड़ लिया। ग्रामीणों को संदेह होने पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना करमाटांड़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार आरोपी इलेक्ट्रिक स्कूटी से मांस लेकर जा रहा था। पुलिस ने स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली, जिसमें पांच प्लास्टिक पैकेट में संदिग्ध प्रतिबंधित मांस बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी और वाहन को कब्जे में लेकर थाना ले गई।
थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे ने बताया कि बरामद मांस की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई, हालांकि पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखा।



