जिला स्तरीय दो दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रमाण-पत्र वितरण के साथ समापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), बोकारो के संयुक्त तत्वावधान एवं आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति द्वारा संचालित कृषक पाठशाला प्रशिक्षण केंद्र, नावाडीह में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का रविवार को प्रमाण-पत्र वितरण के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 30 किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती, प्राकृतिक कृषि, उन्नत फसल प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन, मूल्य संवर्धन तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
समापन अवसर पर आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में बदलती तकनीकों को अपनाना समय की आवश्यकता है। किसानों को वैज्ञानिक एवं उन्नत खेती की जानकारी उपलब्ध कराने से उत्पादन के साथ-साथ उनकी आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसानों से प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने तथा अन्य किसानों तक भी इसकी जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कृषक पाठशाला के माध्यम से समय-समय पर उन्नत खेती, प्राकृतिक कृषि, फसल विविधीकरण, कृषि यंत्रीकरण एवं बाजार से जुड़ाव संबंधी प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं, ताकि किसान कम लागत में अधिक उत्पादन कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकें।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक नेमचंद नायक एवं अकरम अंसारी ने उन्नत कृषि तकनीक, धान की वैज्ञानिक खेती, संतुलित पोषण प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी दी। किसानों को बीज उपचार, गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने की विधि, नर्सरी प्रबंधन तथा फसल प्रबंधन का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही किसानों की कृषि एवं बागवानी संबंधी समस्याओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागी किसानों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। किसानों ने इस प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
इस अवसर पर अनवर अंसारी, भुवनेश्वर महतो, अजय कुमार, मदन महतो, सागर कुमार, सुनीता देवी, संजय कुमारी, प्रभा देवी, तुलावती देवी, मालती कुमारी, प्रेमलता देवी, बबीता देवी, अंजनी देवी, जगनी देवी ललिता कुमारी, रेनू शर्मा, सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान उपस्थित थे।




