हापुड़ नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी पति श्रीपाल सिंह के साथ भाजपा में हुए शामिल
लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दिलाई सदस्यता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड । हापुड़ नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा पुष्पा देवी ने अपने पति और पूर्व बसपा नेता श्रीपाल सिंह के साथ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है ।
लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई है । इस घटना को हापुड़ की स्थानीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
आपको बता दें कि पुष्पा देवी वर्ष 2023 में बसपा के टिकट पर हापुड़ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। उनके भाजपा में शामिल होने से बसपा को स्थानीय स्तर पर बड़ा झटका लगा है। वहीं हापुड सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को शहरी क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
इसके साथ ही पुष्पा देवी के पति श्रीपाल सिंह लंबे समय से हापुड़ की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर हापुड़ सदर सीट से चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में भाजपा के विजयपाल आढ़ती विजयी रहे थे, जबकि श्रीपाल सिंह तीसरे स्थान पर रहे थे। चुनाव हारने के बावजूद क्षेत्र में उनका राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव बना रहा।
आपको बता दें कि श्रीपाल सिंह के बेटे का विवाह बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के भाई नरेश कुमार की बेटी से हुआ था । पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के भाई के समधी बनने के बाद श्रीपाल सिंह से उनका विवाद हुआ था जिसके बाद श्रीपाल सिंह के बेटे का तलाक हो गया जिसके बाद श्रीपाल सिंह को बसपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद भी वे हापुड की स्थानीय राजनीति में सक्रिय बने रहे।
लेकिन अब श्रीपाल सिंह और पुष्पा देवी के भाजपा में शामिल होने के बाद माना जा रहा है कि पुष्पा देवी और श्रीपाल सिंह के भाजपा में आने से हापुड़ की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं। नगर निकाय और सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को सामाजिक और संगठनात्मक स्तर पर इसका लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस राजनीतिक बदलाव को भी अहम माना जा रहा है।



