खैरथल

उज्ज्वल बचपन अभियान : जिला कलेक्टर ने किया स्वास्थ्य जांच शिविर का निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश के नवाचार “उज्ज्वल बचपन” अभियान के तहत बुधवार को जिला कलेक्टर ने छित्तर का बास स्थित राजकीय विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य जांच एवं मेडिकल स्क्रीनिंग शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्क्रीनिंग व्यवस्था, बच्चों की स्वास्थ्य जांच की प्रक्रिया तथा ऑनलाइन डेटा एंट्री का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा स्वास्थ्य जांच से वंचित नहीं रहे तथा प्रत्येक बच्चे की स्क्रीनिंग का विवरण निर्धारित पोर्टल पर समयबद्ध रूप से ऑनलाइन दर्ज किया जाए, जिससे उनका डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जांच के दौरान जिन बच्चों में किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या चिन्हित हो, तो उनका आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, उपचार सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलेक्टर ने स्क्रीनिंग टीमों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उनका प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा एंव स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद गेट ने बताया कि अभियान के दौरान बच्चों की लंबाई, वजन, हीमोग्लोबिन, एमयूएसी (MUAC), नेत्र परीक्षण, त्वचा एवं कान परीक्षण, दंत परीक्षण, मुख स्वच्छता तथा दिव्यांगता सहित सात प्रमुख स्वास्थ्य मानकों पर जांच की जा रही है। स्वास्थ्य परीक्षण में चिन्हित बच्चों को आवश्यकता अनुसार पोषण सहायता, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button