बरेली
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने को जिला प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। जनपद की सभी तहसीलों में कांवड़ सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में मेडिकल शिविर, शौचालय, मोबाइल चार्जिंग, भोजन, फलाहार, विश्राम स्थल और महिला कांवड़ियों के लिए अलग विश्राम स्थल व शौचालय की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन की ओर से रविवार 9 अगस्त को सभी तहसीलों में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बहेड़ी में मुड़िया टोल के पास, सदर में परशुराम मंदिर लाल फाटक के पास, फरीदपुर में ग्राम देवरनियां बुखारा रोड पर, आंवला में भमोरा, मीरगंज में कुलचा खुर्द और नवाबगंज में उपमंडी स्थल पर कांवड़ सेवा शिविर लगाए गए हैं। आंवला और नवाबगंज के शिविरों में कांवड़ यात्रियों के लिए दिन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और सायंकाल भजन संध्या का भी आयोजन होगा।
शिविरों में यात्रियों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, मोबाइल शौचालय, स्नान की व्यवस्था और महिला एवं पुरुष कांवड़ यात्रियों के लिए अलग-अलग सोने व बिस्तर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कांवड़ शिविरों में मेडिकल सुविधाएं, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम भी किए गए हैं। यात्रा मार्गों और कांवड़ शिविरों पर साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का लाभ उठाएं और यात्रा के दौरान अनुशासन एवं शांति बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


