बेतुल
बैतूल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में फलदार पौधे रोपकर लगाए ट्रीगार्ड
वायएमसीए ने पर्यावरण संरक्षण के साथ पौधों की सुरक्षा का लिया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। वायएमसीए संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया गया। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्रीगार्ड भी लगाए गए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, वायएमसीए सेंट्रल रीजन चेयरमैन रंजन लाल, बैतूल जिला इकाई अध्यक्ष एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष अलेक्जेंडर, सचिव डॉ. डेनियल पॉल, सदस्य अजय कुमार पीटर, राजू थॉमस, सुधा पीटर और शिक्षक महेश गुंजेले मौजूद रहे।
सेंट्रल रीजन चेयरमैन रंजन लाल ने बताया कि वायएमसीए आध्यात्मिक सुधार, शारीरिक स्वास्थ्य एवं खेल, युवा सशक्तिकरण और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में कार्य करता है। इसी उद्देश्य के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित विद्यालय परिसरों में फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि वृक्षारोपण जीवन और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जरूरी है। पेड़ हमें शुद्ध ऑक्सीजन देते हैं, हवा को स्वच्छ रखते हैं और तापमान को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। पर्यावरण में हो रहे बदलावों को देखते हुए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने वायएमसीए के प्रयास की सराहना की।
एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों को और गति देने की जरूरत है। सचिव डॉ. डेनियल पॉल ने सभी का आभार जताते हुए पौधों की सुरक्षा और देखभाल के लिए संस्था की ओर से निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
– विद्यालय परिसर में छात्राओं ने किया पौधरोपण
बैतूल गंज स्थित ईएफए शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वायएमसीए द्वारा फलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में सेंट्रल रीजन चेयरमैन रंजन लाल, जिला अध्यक्ष डॉ. मनीष अलेक्जेंडर, सचिव डॉ. डेनियल पॉल, अजय कुमार पीटर, राजू थॉमस, सुधा पीटर, प्राचार्य ललितलाल लिल्होरे, प्रभारी शिक्षक महेश गुंजेले सहित छात्राएं मौजूद रहीं।
डॉ. डेनियल पॉल ने बताया कि वायएमसीए बैतूल जिले में पिछले पांच वर्षों से कार्य कर रहा है। संस्था का उद्देश्य युवा नेतृत्व प्रशिक्षण, सामुदायिक विकास और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है। स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया।
डॉ. मनीष अलेक्जेंडर ने कहा कि संस्था विभिन्न आयु और पृष्ठभूमि के लोगों को साथ जोड़कर सामुदायिक जरूरतों को पूरा करने तथा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। प्राचार्य ललितलाल लिल्होरे ने कहा कि स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण मानव जीवन का आधार है। पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी शिक्षक महेश गुंजेले ने आभार जताया। छात्राओं ने पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अशोक कवड़े एवं करण पंवार का सहयोग रहा।




