गोड्डा
मादक पदार्थ के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

20.45 ग्राम ब्राउन शुगर पुलिस ने किया बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। अपने कार्यालय कक्ष में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज की ओर से प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश के आलोक में उनके नेतृत्व में लगातार ब्राउन शुगर एवं अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गोड्डा नगर थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए थाना अंतर्गत सरकंडा चौक के पास लगभग 20.45 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर चार अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। इस घटना के संबंध में नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कांड दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से गिरफ्तार आरोपी वीरेंद्र कुमार उम्र 26 वर्ष, लखन कुमार झा उम्र 29 वर्ष, शिव कुमार शर्मा उम्र 32 वर्ष तथा रबुल अंसारी उम्र 27 वर्ष को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से कई कांडों में आपराधिक इतिहास भी रहा है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावा पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रोहित कुमार यादव, अंकित कुमार झा, भोलानाथ दास, विपिन कुमार यादव तथा नगर थाना के सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे।



