
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। गोमिया-करमाटांड़ मुख्य सड़क पर एसबीआई गोमिया शाखा के समीप सोमवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो पलट गई और पास में बैठे मजदूर अभिषेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
अभिषेक कुमार ससबेड़ा पूर्वी पंचायत के आदर्श नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आईईएल स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो आईईएल आवासीय कॉलोनी की ओर से गोमिया की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन चलाने के दौरान चालक बसंत सिंह को कथित तौर पर मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर ऑटो से जा टकराया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही आईईएल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हादसे में ऑटो चालक बाल-बाल बच गया।




