खैरथल

जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलेक्टर ने स्वीकृत जल योजनाओं की कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए योजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले में 548 ग्राम स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 502 ग्रामों के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। इन कार्यादेशों के तहत अब तक 92,557 जल कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। शेष 46 ग्राम नॉन-फिजिबल अथवा शहरी क्षेत्र में शामिल हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि जारी कार्यादेशों में से 320 ग्रामों की योजनाओं में 100 प्रतिशत जल कनेक्शन किए जा चुके हैं, जबकि 105 ग्रामों की योजनाओं के हर घर प्रमाण-पत्र प्राप्त हो चुके हैं। जल जीवन मिशन के तहत 326 ग्रामों का कार्य भौतिक रूप से पूर्ण किया जा चुका है तथा 326 ग्रामों की हर घर जल रिपोर्ट एवं 93 ग्रामों को हर घर जल प्रमाणित ऑनलाइन किया जा चुका है। साथ ही 93 ग्रामों की योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं।
जिला कलेक्टर ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विद्युत कनेक्शनों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग को निर्देशित किया, ताकि जल योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में जिला कलेक्टर ने जिले के चिह्नित सभी राजकीय विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में जल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाली पाइपलाइनों की जानकारी लेकर संबंधित विभागों को पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में उनका तत्काल दुरुस्तीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को जलापूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
अधीक्षण अभियंता धर्मवीर सिंह ने बताया कि अमृत 2.0 के अंतर्गत शहरी जल योजना टपूकड़ा तथा एनसीआर परियोजना के अंतर्गत खैरथल शहर में जल संबंधी कार्य प्रगति पर हैं।
जिला कलेक्टर ने इन कार्यों की भी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button