गोड्डा

राखी मेकिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

सैनिकों के प्रति जताया सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। रक्षाबंधन के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल पथरगामा में डाक विभाग के सहयोग से विशेष ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के करीब 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक हस्तनिर्मित राखियां तैयार की। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति और भारतीय सेना के जवानों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था। बच्चों द्वारा तैयार की गई रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों में भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत से तैयार की गई राखियां सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों को समर्पित कीं। डाक विभाग के माध्यम से सभी राखियों की बुकिंग कर उन्हें भारतीय सेना के जवानों तक भेजने की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर डाक विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को डाक व्यवस्था के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि डिजिटल युग में भी डाक विभाग की सेवाओं, विशेषकर स्पीड पोस्ट और अन्य डाक सेवाओं की उपयोगिता बनी हुई है। विद्यार्थियों को डाक विभाग की कार्यप्रणाली एवं सेवाओं के प्रति जागरूक करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने प्रतियोगिता से पूर्व विद्यार्थियों को इसकी जानकारी देकर अधिक से अधिक बच्चों को भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन के सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
मौके पर डाक विभाग के मार्केटिंग एग्जिक्युटिव सूरज कुमार साहू, पोस्ट मास्टर अभिषेक कुमार, रोज बेला एवं योगेश गिर सहित डीएवी पब्लिक स्कूल के निदेशक संतोष कुमार महतो एवं विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button