शामली

 हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर ट्रक पलटा, चालक की जलने से मौत

दूसरी लेन में पलटते ही ट्रक में लगी भीषण आग, केबिन में दबा था चालक का हाथ; साथी चालक ने की मृतक की पहचान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
  चौसाना :  मेरठ-करनाल हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। हरियाणा सीमा के निकट गुरुद्वारे के सामने तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और दूसरी लेन में पलट गया। पलटते ही ट्रक में भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान चालक केबिन में फंस गया और आग की लपटों की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार करनाल की अनाज मंडी निवासी करीब 45 वर्षीय बिंदर ट्रक में मुजफ्फरनगर से चावल लादकर करनाल लौट रहा था। गुरुद्वारे के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक दूसरी लेन में पलट गया। इसके बाद ट्रक में आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पलटने के बाद सड़क पर घर्षण से निकली चिंगारियों के कारण आग लगी और देखते ही देखते पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। चालक का एक हाथ ट्रक के भारी हिस्से के नीचे दब गया था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने तक ट्रक काफी हद तक जल चुका था और उसमें लदा चावल भी नष्ट हो गया।
बताया गया कि बिंदर के आगे उसका साथी चालक आनंद यादव भी एक ट्रक लेकर चल रहा था। पीछे से बिंदर का ट्रक दिखाई नहीं देने पर वह वापस लौटा और घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक की पहचान की।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। और घटना की जानकारी बिन्दर के स्वजन को दे दी गई है। हादसे के कारण हाईवे कुछ देर यातयात बाधित हुवा जिसे पुलिस ने सुचारू कराया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button