पाकुड़

नगर परिषद बोर्ड की बैठक में 21 वार्डों की विकास योजनाओं को मंजूरी, पांच पार्षदों ने किया बहिष्कार

Development plans for 21 wards approved at Municipal Council board meeting; five councilors boycotted the proceedings.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ नगर परिषद बोर्ड की सामान्य बैठक शनिवार को नगर परिषद सभागार में अध्यक्ष शबरी पाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपाध्यक्ष राणा ओझा, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी समेत नगर परिषद के पार्षद मौजूद रहे। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से जुड़े जनहित और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कुल 19 वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया, जबकि दो पार्षद शारीरिक अस्वस्थता के कारण अनुपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत पिछली बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों के क्रियान्वयन और उनकी प्रगति की समीक्षा से हुई। इसके बाद निर्धारित एजेंडों पर चर्चा शुरू की गई। एजेंडे पर चर्चा शुरू होते ही वार्ड पार्षद किरण लाल कापड़ी, रूपाली सरकार, भीम सिंह चंद्रवंशी, असलम अंसारी और आलमगीर आलम ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। पांचों पार्षद सभागार से बाहर निकल गए। बहिष्कार के बाद बैठक में मौजूद पार्षदों ने विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा जारी रखी। बैठक में कई जनहित से जुड़ी योजनाओं को बहुमत से स्वीकृति दी गई। वार्ड संख्या 8 में यूरिनल निर्माण, वार्ड संख्या 20 और 21 में सड़क- सह-नाली निर्माण तथा वार्ड संख्या 7, 11, 20 और 21 में बोरिंग कराने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। वार्ड संख्या 11 में पथ निर्माण के साथ नगर क्षेत्र में अतिरिक्त बिजली मिस्त्री की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा वार्ड संख्या 19 के कालिकापुर में दुर्गा माता मंदिर के समीप नाली के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। स्थल सीमांकन के लिए अंचल अधिकारी को पत्र भेजने पर भी सहमति बनी। बैठक में वार्ड संख्या 5 में छठ घाट और मुखाग्नि स्थल निर्माण के साथ मार्केट कॉम्प्लेक्स-सह-विवाह भवन निर्माण की योजना को भी स्वीकृति दी गई। वहीं वीर कुंवर सिंह भवन परिसर में मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण के प्रस्ताव को विभागीय स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में 16वें वित्त आयोग की राशि से नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित करने पर भी सहमति बनी। हालांकि बैठक का बहिष्कार करने वाले पार्षदों के वार्ड संख्या 3, 4, 12, 13 और 17 से संबंधित योजनाओं पर चर्चा नहीं हो सकी। इन वार्डों की कोई योजना बोर्ड से पारित भी नहीं हो पाई।
विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात
बैठक को संबोधित करते हुए नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ स्वच्छता, सड़क, नाली, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बोर्ड स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे। बैठक में वार्ड पार्षद निभा देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, पूनम देवी, चेनू बीवी, राबिया बीवी, अनिकेत गोस्वामी, राजा अंसारी, रियाज अंसारी, विमल चंद्र राउत और गुड्डू कुमार भगत समेत प्रधान सहायक देवाशीष देव बर्मन एवं नगर परिषद के कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button