
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के गंगटा खुर्द मोहल्ले में चार वर्षीय मासूम की जहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। मृतक मासूम की पहचान गंगटा खुर्द निवासी नोरेन हांसदा के चार वर्षीय पुत्र जॉनसन हांसदा के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के चाचा ने बताया कि जॉनसन को घर में किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया था। शुरुआती समय में परिजनों को इस बात का आभास नहीं हो सका। जब बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी, तब परिजनों को किसी जहरीले जीव के काटने की आशंका हुई। उसके बाद आनन-फानन में परिजन मासूम को पहले मिशन चौक के पास एक निजी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जब बच्चे को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, तो वहां तैनात चिकित्सक डॉ. रंजन ने जांच के उपरांत मासूम को मृत घोषित कर दिया।



