हापुड़

रक्षाबंधन पर हापुड़ में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 11 एंटी रोमियो स्क्वॉड रहेंगे सक्रिय

3500 पुलिसकर्मियों की तैनाती, 5 मेलों में विशेष सुरक्षा; बाजारों, बस-रेलवे स्टेशनों और प्रमुख मार्गों पर रहेगी कड़ी निगरानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। 28 अगस्त को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, बस एवं रेलवे स्टेशनों तथा प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों के साथ एंटी रोमियो स्क्वॉड भी सक्रिय रहेंगे।

मेरठ परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 3500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 20 क्षेत्राधिकारी, 80 निरीक्षक, 600 उपनिरीक्षक, 1005 मुख्य आरक्षी, 1360 आरक्षी, 380 होमगार्ड/पीआरडी जवान तथा एक कंपनी पीएसी शामिल है। परिक्षेत्र के चारों जनपदों में कुल 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय किए गए हैं, जिनमें हापुड़ में 11 स्क्वॉड तैनात रहेंगे।

रक्षाबंधन पर हापुड़ जनपद में पांच मेलों का आयोजन प्रस्तावित है। इन आयोजनों में आने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मेले, बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जाएगी।

पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बाजारों में देर रात तक खरीदारी के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने, छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग और लूट जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, हाईवे, मुख्य मार्ग और संपर्क मार्गों पर विशेष पुलिस प्रबंध किए जाएंगे। अधिक यातायात वाले मार्गों को चिन्हित कर यातायात पुलिस की तैनाती की जाएगी, ताकि जाम और सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति न बने। बस और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से समन्वय कर यात्रियों के लिए पर्याप्त परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

भीड़भाड़ वाले बाजारों, मॉल और पार्कों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। एंटी-सबोटाज चेक टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं की जांच की जाएगी। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस पिकेट तैनात कर असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जनपदीय नियंत्रण कक्ष और सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय रखा जाएगा। थाना प्रभारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर छोटी से छोटी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। पुलिस का उद्देश्य रक्षाबंधन पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाए रखना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button