जामताड़ा

जिला अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत शिक्षकों को दिया गया नेत्र जांच प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
  जामताड़ा : जिला अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को करमाटांड़ प्रखंड के पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिंडारी में विद्यालय के बच्चों की नेत्र जांच को लेकर शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक सह नेत्र सहायक डॉ. निरंजन कुमार केशरी एवं जितेंद्र कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
नेत्र सहायक डॉ. निरंजन कुमार केशरी ने शिक्षकों को आंखों की सुरक्षा एवं बचाव के उपाय, आंखों में होने वाली सामान्य बीमारियों तथा बच्चों की प्रारंभिक नेत्र जांच की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में बच्चों की प्रारंभिक नेत्र जांच एक माह के अंदर पूरी कर लें। जांच के दौरान जिन बच्चों में दृष्टि संबंधी परेशानी पाई जाएगी, उन्हें विभाग की ओर से निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को राष्ट्रीय अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के उद्देश्यों तथा इसके अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि अब विद्यालय स्तर पर बच्चों की आंखों से संबंधित समस्याओं की प्रारंभिक पहचान की जाएगी। शिक्षक बच्चों में दिखाई देने वाले नेत्र संबंधी लक्षणों को पहचानकर समय रहते उन्हें उचित जांच एवं उपचार के लिए भेज सकेंगे।
बीपीओ अनामिका हांसदा ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में आंखों से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान करना और उनकी दृष्टि को सुरक्षित रखना है। प्रारंभिक स्तर पर नेत्र संबंधी परेशानी की पहचान होने से समय पर उपचार संभव होगा तथा समस्या को गंभीर रूप लेने से रोका जा सकेगा। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि सभी बच्चों की नेत्र जांच कराएं और जिन छात्र-छात्राओं में नेत्र संबंधी समस्या पाई जाए, उन्हें जिला स्तरीय केंद्र पर नेत्र सहायक के पास जांच एवं आवश्यक उपचार के लिए भेजें।
इस अवसर पर सीआरपी मकसूद अंसारी ने स्वच्छ हरित विद्यालय के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया के संबंध में भी शिक्षकों को आवश्यक जानकारी दी।
प्रशिक्षण में शिक्षक उदय नारायण प्रसाद, विद्या सागर, अमरनाथ दास, खुर्शीद अनवर, रंजीत कुमार सिन्हा, सहायक अध्यापक सनोज कुमार मंडल, सीआरपी राजेश कुमार गुप्ता, ललन कुमार, विनय कुमार भैया, बीआरपी सरफराज, लेखापाल दिनेश कुमार सहित दर्जनों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button