शामली

सींगरा के प्राथमिक विद्यालय में दो साल से सफाई व्यवस्था बदहाल

घास-फूस और झाड़ियों ने घेरा परिसर

विद्यालय परिसर में गंदगी से बच्चों की सुरक्षा पर सवाल, ग्रामीणों ने प्रशासन से सफाई और रास्ते की झाड़ियों की कटाई की मांग की
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
  चौसाना।  झिंझाना क्षेत्र के ग्राम सींगरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में पिछले करीब दो वर्षों से सफाई व्यवस्था बदहाल होने का मामला सामने आया है। विद्यालय परिसर में नियमित सफाई नहीं होने के कारण चारों ओर घास-फूस और झाड़ियां उग आई हैं। वहीं विद्यालय से खोकसा जाने वाले मार्ग पर भी बड़ी-बड़ी झाड़ियां खड़ी होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय परिसर की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है, जिसके चलते यहां गंदगी और झाड़ियों का अंबार लग गया है। इससे विद्यालय का वातावरण प्रभावित होने के साथ ही बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विद्यालय परिसर में ही सफाई व्यवस्था की अनदेखी चिंता का विषय है।
सींगरा निवासी कांग्रेस नेता अश्वनी शर्मा ने स्थानीय प्रशासन पर गांव की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में गांव में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कराया गया है। उन्होंने बताया कि सींगरा से पट्टी परतापुर लिंक मार्ग के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया था। लोक निर्माण विभाग, शामली की ओर से समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन अभी तक मार्ग का सर्वे तक नहीं कराया गया।
अश्वनी शर्मा के मुताबिक, बीती तीन अगस्त को जाट फार्म से प्राथमिक विद्यालय खोकसा तक जाने वाली रजबाहे की पटरी पर सफाई की मांग को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय परिसर की नियमित सफाई कराने, रास्ते में खड़ी झाड़ियों को हटाने और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग की है।
विद्यालय में सिर्फ सात बच्चे, खोकसा स्कूल से जुड़ा यू-डाइस कोड मामले में एबीएसए ऊन विकास कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत सींगरा में विद्यालय की सफाई को लेकर मामला सामने आया है, जिसका समाधान जल्द कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय में मात्र सात बच्चे हैं, जिसके कारण विद्यालय की पेयरिंग पास के गांव खोकसा स्थित विद्यालय से की गई है। विद्यालय बंद नहीं हुआ है, बल्कि उसका यू-डाइस कोड खोकसा के विद्यालय से संचालित किया जा रहा है। और विद्यालय की सफाई संबंधी समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button