हापुड़

होटल में गोली मारकर सरवर की हत्या, हापुड़ से होटल मालिक और मैनेजर गिरफ्तार

मेरठ पुलिस और स्वाट टीम ने हत्याकांड का किया खुलासा, मुख्य आरोपी राहुल समेत तीन गिरफ्तार; हत्या के बाद शव गंगनहर में फेंकने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़/मेरठ। मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में हुए सरवर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वारदात के तार हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर स्थित एक होटल से जुड़े हैं। मामले में मुख्य आरोपी राहुल के अलावा होटल मालिक रोबिन और मैनेजर ओमेंद्र को भी गिरफ्तार किया गया है। होटल मालिक और मैनेजर पर हत्या की जानकारी होने के बावजूद पुलिस को सूचना न देने तथा कमरे में मौजूद खून और अन्य साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को बस्तोरा नारंग निवासी रुस्तम ने सरवर के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद हस्तिनापुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आया कि नजाकत और राहुल अपने साथियों के साथ सरवर को बाइक पर बैठाकर ले गए थे। आरोप है कि इसके बाद गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में चौकी से कुछ दूरी पर स्थित एक होटल के कमरे में सरवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद शव को बेडशीट में बांधा गया और गंगनहर में फेंक दिया गया। मामले की जांच आगे बढ़ने पर होटल मालिक रोबिन और मैनेजर ओमेंद्र की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस के मुताबिक दोनों को वारदात की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने पुलिस को सूचना देने के बजाय होटल के कमरे में मौजूद खून और अन्य साक्ष्यों को साफ कर घटना के सबूत मिटाने का प्रयास किया।

एसपी के निर्देश पर पुलिस और स्वाट टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान चेकिंग के दौरान मुख्य आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल बताया जा रहा 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, सैमसंग मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

पूछताछ और विवेचना के आधार पर पुलिस ने होटल मालिक रोबिन पुत्र राजवीर शर्मा निवासी झड़ीना, गढ़मुक्तेश्वर तथा होटल मैनेजर ओमेंद्र पुत्र ओमपाल निवासी लोदीपुर झटका, गढ़मुक्तेश्वर को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बेडशीट के रंग से मिलता-जुलता तकिए का कवर भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी राहुल के खिलाफ मेरठ, बिजनौर समेत कई जिलों में लूट, हत्या, चोरी, मारपीट और आयुध अधिनियम से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। वहीं होटल मालिक रोबिन और मैनेजर ओमेंद्र के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में हस्तिनापुर थाना प्रभारी कमल शंकर त्रिवेदी, स्वाट टीम, हस्तिनापुर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेश तोमर समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button