राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का भव्य समापन, “Special Sunday – Cycle Edition” में खिलाड़ियों ने दिया फिटनेस का संदेश
Grand conclusion of National Sports Day celebrations; athletes conveyed a message of fitness during the “Special Sunday – Cycle Edition.”

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर जिले में आयोजित तीन दिवसीय खेल समारोह का रविवार को भव्य समापन हुआ। समारोह के तीसरे और अंतिम दिन “For Stay Active” थीम के तहत “Special Sunday – Cycle Edition” का आयोजन किया गया। डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुओं सहित जिले के विभिन्न खिलाड़ियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक साइकिलिंग में भाग लिया और नियमित व्यायाम, फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। “Special Sunday – Cycle Edition” का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आम लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक करना रहा। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ साइकिलिंग करते हुए “Stay Active” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु गांगुली, जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह, प्रशिक्षक अक्षय बाउरी, संजय भगत सहित अन्य खेलकर्मी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियां केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं। नियमित खेलकूद स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच, अनुशासन और आत्मविश्वास के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से प्रतिदिन खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने का आह्वान किया। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दौरान जिले में विभिन्न खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना, फिटनेस के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा “एक घंटा खेल के मैदान में” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। समापन अवसर पर यह संदेश दिया गया कि खेल केवल प्रतियोगिता, जीत और पदक तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमित खेलकूद और शारीरिक सक्रियता स्वस्थ, खुशहाल एवं बेहतर जीवन की मजबूत नींव है। “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के संकल्प के साथ खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और युवाओं ने फिट, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।



