बरेली
रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, डीएम ने नाव से किया निरीक्षण
अधिकारियों को सतर्कता बरतने के दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सोमवार को नाव से तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने तटबंधों, कटान संभावित स्थानों और आसपास के गांवों का जायजा लिया।
डीएम ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने और जलस्तर की हर घंटे निगरानी कर रिपोर्ट आपदा नियंत्रण कक्ष को भेजने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी दल तैनात करने और सुरक्षात्मक कार्य करने को कहा।
उन्होंने एसडीएम सदर और तहसीलदार को प्रभावित गांवों की सूची तैयार रखने, लेखपालों की ड्यूटी लगाने और ग्रामीणों को मुनादी से सतर्क करने के निर्देश दिए। बाढ़ चौकियां सक्रिय रखने, नाव, लाइफ जैकेट, राहत सामग्री और दवाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
डीएम ने ग्रामीणों से नदी में न जाने और बच्चों को किनारे से दूर रखने की अपील की।


