मथुरा

एसीजेएम के सरकारी आवास से पिस्टल सहित लाखों के आभूषण चोरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित जजेज कॉलोनी में चोरों ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एसीजेएम के सरकारी आवास को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। घटना की जानकारी छह सितंबर की सुबह उस समय हुई, जब सामान पहुंचाने आए डिलीवरी बॉय ने मकान का ताला टूटा देखा। जज की पत्नी प्रिया कुमारी की तहरीर पर चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मथुरा में तैनात एसीजेएम चार सितंबर की दोपहर करीब दो बजे सरकारी आवास संख्या जे-9 में ताला लगाकर अपने गृह जनपद हरियाणा के रोहतक गए थे। छह सितंबर की सुबह करीब 11:15 बजे डिलीवरी बॉय ने मकान के ताले टूटने की जानकारी प्रिया कुमारी को दी। इस पर प्रिया कुमारी ने वीडियो कॉल के माध्यम से घर की स्थिति देखी तो मुख्य दरवाजे और बेडरूम की कुंडी व ताले टूटे दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने मथुरा आकर आवास की जांच की तो देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से आठ जोड़ी सोने के कुंडल, दो सोने की अंगूठी, पेंडेंट सहित सोने की चेन, रुद्राक्ष सहित सोने की चेन, दो सोने की नथ, दो चांदी के सिक्के और 100 ग्राम चांदी का बिस्किट भी ले गए। चोरों ने मुख्य दरवाजे के साथ बेडरूम का ताला भी तोड़ा और घर की अच्छी तरह से तलाशी लेकर कीमती सामान समेट ले गए। तहरीर पर सदर बाजार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस की छह टीमों का गठन किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फील्ड यूनिट टीम और डॉग स्क्वाड ने मौके पर साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button