श्याम रंग में रंगा कांधला, भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु
अखंड ज्योति के दर्शन कर भक्तों ने अर्पित किया छप्पन भोग, महाआरती के बाद हुआ विशाल भंडारा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला, शामली : कस्बे के पशु चिकित्सालय परिसर में आयोजित ‘एक शाम खाटू श्याम वाले के नाम’ भजन संध्या एवं संकीर्तन महोत्सव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बाबा खाटू श्याम की भक्ति में डूबे श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे। पूरा पंडाल श्याम बाबा के जयकारों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से बाबा श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर तथा गणेश वंदना के साथ किया गया। इसके बाद भजन गायकों ने एक के बाद एक मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कानपुर से आए संदीप मस्ताना, मथुरा की सोनम शर्मा, हरियाणा की शिवानी सैनी तथा नाला के जितेंद्र जस्सी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
‘हरे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ सहित विभिन्न भजनों पर श्रद्धालु हाथ उठाकर जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन दिखाई दिए। बाबा की अखंड ज्योति के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया। इस दौरान इत्र और पुष्पवर्षा से पूरा वातावरण सुगंधित एवं आध्यात्मिक रंग में रंग गया। मंच संचालन गुलशन खन्ना ने किया।कार्यक्रम के समापन पर भव्य महाआरती आयोजित की गई। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।