सिंगरौली
कलेक्टर की पहल से सरकारी स्कूल के छात्र अतुल ने रचा सफलता का नया अध्याय
JEE की निःशुल्क प्रोफेशनल कोचिंग से महज तीन महीने की तैयारी में हासिल किया IIIT में प्रवेश — अब 200 विद्यार्थी पूरे वर्ष कर रहे हैं IIT-JEE और NEET की तैयारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली- सरकारी स्कूलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवंबर 2025 में शुरू की गई JEE एवं NEET कोचिंग पहल ने अपनी पहली उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस पहल के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या विद्यालय, मॉडल स्कूल सहित चार शासकीय विद्यालयों के 200 विद्यार्थियों—100 JEE और 100 NEET अभ्यर्थियों—को स्कूल समय से पहले प्रोफेशनल कोचिंग, अध्ययन सामग्री एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल को NTPC के CSR सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
इस पहल के शुरुआती चरण में पिछले सत्र में विद्यार्थियों को लगभग तीन माह ही तैयारी का अवसर मिल पाया था। इसी अवधि में अध्ययन कर अतुल ने IIIT में Computer Science Engineering में प्रवेश प्राप्त किया और वर्तमान में संस्थान में अपनी पढ़ाई प्रारंभ कर चुका है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और निरंतर मेहनत मिले तो सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों तक पहुंच सकते हैं।
यह सफलता केवल अतुल की उपलब्धि नहीं, बल्कि एक ऐसी पहल की शुरुआत है जिसका उद्देश्य आने वाले वर्षों में अनेक विद्यार्थियों के सपनों को उड़ान देना है। वर्तमान सत्र में JEE एवं NEET की कक्षाएं पूरे वर्ष व्यवस्थित एवं निरंतर रूप से संचालित हो रही हैं, और सभी 200 विद्यार्थी अपनी तैयारी में जुटे हैं। यह पहल आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि सरकारी स्कूलों की प्रतिभा को अवसर मिले, सपनों को दिशा मिले और अतुल जैसी सफलता की कहानियां लगातार सामने आती रहें।



