नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पिलखुवा (हापुड़) । पिलखुवा थाना क्षेत्र में एक युवती से कथित छेड़छाड़ के विरोध पर उसके परिजनों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने थाना पिलखुवा में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। पिलखुवा पुलिस को दिए
शिकायती पत्र के अनुसार, 14 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:56 बजे एक युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। पत्र में बताया गया है कि युवती टेक्सटाइल सेंटर P-32, पिलखुवा स्थित एक कंपनी में काम करती है। आरोप है कि कंपनी से निकलने के दौरान कुछ युवकों ने युवती को परेशान किया और उसके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ कर दी , विरोध करने पर आरोपियों द्वारा कथित रूप से युवती के साथ बदसलूकी की गई । मामले की जानकारी पर युवती के परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी ।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई है । शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया/अन्य माध्यम से प्रसारित करने की बात कही है । पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा युवती और उसके परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़ित पक्ष ने थाना पिलखुवा पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की गुहार लगाई है।


