शामली

तीन दिन के नवजात की मौत पर निजी अस्पताल में हंगामा

परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर काटा हंगामा, थाने में दी तहरीर; पुलिस ने शुरू की जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कांधला, शामली। नगर के बाईपास मार्ग स्थित शमा हॉस्पिटल में तीन दिन के नवजात की मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया।

कस्बे की नई बस्ती निवासी वसीम के अनुसार, तबीयत खराब होने पर उसके तीन दिन के नवजात को शमा हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि नवजात को करीब तीन दिन तक अस्पताल में भर्ती रखकर उपचार किया गया, लेकिन इस दौरान उन्हें बच्चे से मिलने तक नहीं दिया गया। परिजनों का कहना है कि वे लगातार बच्चे की स्थिति जानने का प्रयास करते रहे, मगर उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई।

गुरुवार को अस्पताल की ओर से अचानक नवजात की मौत की सूचना परिजनों को दी गई। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन अस्पताल पहुंचे और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही अस्पताल का स्टाफ मौके से चला गया। इसके बाद पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर देकर पूरे मामले की जांच एवं कार्रवाई की मांग की।

मासूम की मौत ने खड़े किए गंभीर सवाल

तीन दिन के नवजात की मौत के बाद अस्पताल की उपचार व्यवस्था और परिजनों को बच्चे से मिलने से रोके जाने के आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, खबर लिखे जाने तक अस्पताल संचालक अथवा प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button