पाकुड़

उपायुक्त ने दीप प्रज्वलित कर किया विशेष रक्तदान शिविर का शुभारम्भ,  सरकारी कर्मचारी समेत आम नागरिकों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

The Deputy Commissioner inaugurated the special blood donation camp by lighting the ceremonial lamp; government employees and ordinary citizens alike participated enthusiastically.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रक्त अधिकोष (ब्लड बैंक), पाकुड़ में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया। इस दौरान कुल 72 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा, “रक्तदान महादान है, क्योंकि रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है। जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान बेहद जरूरी है। सभी लोगों को बढ़-चढ़कर आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए।” उपायुक्त ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। जिले की जनसंख्या के अनुपात में ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त यूनिट उपलब्ध रहना आवश्यक है, ताकि गंभीर बीमारी, दुर्घटना अथवा किसी भी आपात स्वास्थ्य स्थिति में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अब प्रत्येक माह जिला एवं प्रखंड स्तर पर नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य अधिकाधिक रक्त संग्रहण सुनिश्चित करने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। विशेष रक्तदान शिविर में रेड क्रॉस के सचिव डॉ. कुणाल कुमार सिंह, डीपीएम दीपक कुमार, प्रभारी डीपीएम ई-पंचायत श्री आनंद प्रकाश, सार्जेंट, मालपहाड़ी थाना प्रभारी, मुफस्सिल थाना प्रभारी, रद्दीपुर थाना प्रभारी एवं लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इसके अलावा पुलिस एसोसिएशन, पाकुड़ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक श्री विनोद कुमार वर्मा, एमपीडब्ल्यू अमोल दास, इंसानियत फाउंडेशन के सदस्यों तथा गोपनीय कार्यालय के कर्मी मो. एहतेशाम हुसैन सहित अन्य कर्मचारियों ने भी रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान के प्रति उनके मानवीय एवं सामाजिक योगदान की सराहना की। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा सितंबर माह में 18, 24 एवं 28 सितंबर को विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजनों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने जिलावासियों से अपील की है कि स्वस्थ एवं योग्य व्यक्ति स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं और “रक्तदान महादान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में सहभागी बनें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button