
लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 27 सितंबर से भोपाल में प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने का आह्वान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : शिक्षक संवर्ग की विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर आजाद अध्यापक शिक्षक संघ, जिला बालाघाट के नेतृत्व में रविवार को एक दिवसीय उपवास, धरना एवं शिक्षक अधिकार सम्मान रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा।
संघ के जिला अध्यक्ष आशीष बिसेन एवं जिला सचिव एमंत ठाकरे ने संयुक्त विज्ञप्ति में बताया कि प्रदेशभर में संगठन द्वारा अध्यापक-शिक्षक संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय उपवास एवं रैली आयोजित की गई। इसी क्रम में बालाघाट में भी शिक्षकों ने विभिन्न मांगों के निराकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रमुख मांगें:-
संघ ने वर्तमान में सेवारत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से मुक्त रखने, पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने तथा प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना करते हुए पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अवकाश नगदीकरण का लाभ देने की मांग की।
इसके अलावा अव्यवहारिक ई-अटेंडेंस व्यवस्था बंद करने, सितंबर 2022 की हड़ताल अवधि के वेतन का भुगतान करने, लंबित क्रमोन्नति एवं समयमान वेतनमान के आदेश जारी करने तथा जबलपुर संभाग में पदोन्नति प्राप्त उच्च माध्यमिक शिक्षकों के द्वितीय क्रमोन्नति आदेश जारी करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से रखी गई।
कार्यक्रम जिला अध्यक्ष आशीष बिसेन के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इसमें संघ के प्रांतीय महासचिव अरविंद पारधी, प्रांतीय सचिव कमलनाथ पाराशर, प्रांतीय उपाध्यक्ष कुलदीप कटरे सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर संघ पदाधिकारियों ने उपस्थित शिक्षक समुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 27 सितंबर से भोपाल में शिक्षक संयुक्त मोर्चा द्वारा प्रस्तावित आमरण अनशन में सहभागिता करने का आह्वान किया गया।




