
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : स्थानीय शहीद चंद्रशेखर आजाद एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में हॉकी बालाघाट एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन सोमवार को भोपाल, उमरिया और जबलपुर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीते। टूर्नामेंट हॉकी खिलाड़ियों हीरालाल नागोसे एवं मेशराम शरणागत की स्मृति में 20 से 23 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
सोमवार को पहला मुकाबला भोपाल और बैतूल के बीच हुआ। भोपाल ने शुरुआती मिनटों से ही आक्रामक खेल दिखाया और आठवें मिनट में गोल कर बढ़त बना ली। इसके बाद बैतूल ने गोल कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। हालांकि भोपाल ने जवाबी हमला करते हुए एक और गोल किया और मध्यांतर तक 2-1 की बढ़त कायम रखी। दूसरे हाफ में भोपाल ने दो और गोल दागे और मुकाबला 4-1 से अपने नाम किया। मैच में अंपायर की भूमिका विनोद साव एवं विशाल ने निभाई।
दूसरे मुकाबले में उमरिया और सिवनी की टीमें आमने-सामने रहीं। दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले में उमरिया ने प्रभावी खेल का प्रदर्शन करते हुए सिवनी को 4-2 से पराजित किया। इस मैच में सादाब खान एवं साकिर खान अंपायर रहे।
दिन का अंतिम मुकाबला जबलपुर और नागपुर के बीच खेला गया। जबलपुर ने शुरुआती दौर से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और मध्यांतर तक 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ में भी जबलपुर का दबदबा कायम रहा। टीम ने तीन और गोल करते हुए मुकाबला 6-1 से जीत लिया। मैच में विनोद साव एवं राजेश सेवईवार ने अंपायर की भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों द्वारा तेज, तकनीकी और कलात्मक हॉकी का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे मैदान पर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आज होंगे क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले
आयोजन समिति के पदाधिकारियों के अनुसार टूर्नामेंट के तीसरे दिन 22 सितंबर को दो क्वार्टर फाइनल और दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला क्वार्टर फाइनल सुबह 8 बजे जबलपुर और नरसिंहपुर के बीच तथा दूसरा मुकाबला सुबह 9 बजे उमरिया और गोंदिया के बीच होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 23 सितंबर को होगा। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।




