बालाघाट
वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर ‘नमामि भारतम्’ का आयोजन 25 सितंबर को

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में देशभर में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में बालाघाट स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में भी 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
विद्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रातः 11 बजे ‘एक समय, एक लय, एक स्वर—वन्दे मातरम्’ के मूलमंत्र के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत का गायन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति की भावना तथा राष्ट्रीय एकता के भाव को मजबूत करना है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विद्यालय समिति के उपाध्यक्ष अजय कोचर, सचिव प्रदीप गुप्ता, विद्यालय के प्राचार्य राजेश राहंगडाले, संयोजिका कुन्ता नेवारे एवं सावित्री राहंगडाले ने प्रेस वार्ता में बताया कि ‘नमामि भारतम्’ के तहत देशभर में एक साथ वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन का आयोजन किया जा रहा है। बालाघाट में भी विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों एवं संबंधितजनों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता कर राष्ट्रीय गीत के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया है।




