गाजियाबाद

तीरथ सिंह रावत का गाजियाबाद में जोरदार स्वागत, सामाजिक संगठनों ने किया सम्मान

राष्ट्र निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी : तीरथ सिंह रावत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद तीरथ सिंह रावत के सोमवार को गाजियाबाद पहुंचने पर मेरठ रोड स्थित क्लाउड-9 कंपाउंड में “भारत का बदलता शासन” दैनिक समाचार पत्र कार्यालय में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक एवं पत्रकार संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
समारोह में राष्ट्रीय व्यापार मंडल, सल्यूट तिरंगा, एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन, उत्तराखंड समाज, गुर्जर समाज, त्यागी समाज, ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, पत्रकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।
राष्ट्रीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री विवेक त्यागी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने तीरथ सिंह रावत का स्वागत किया। विवेक त्यागी ने कहा कि व्यापार और समाज के बीच बेहतर समन्वय लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में सहायक है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
समारोह को संबोधित करते हुए तीरथ सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति और वर्ग की इसमें भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए सामाजिक संगठन, व्यापारी, युवा, महिलाएं, पत्रकार, शिक्षाविद और आम नागरिक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि भारत परिवर्तन और विकास के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में नागरिकों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना मजबूत होना जरूरी है। सामाजिक संगठन जनसमस्याओं को सरकार एवं प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ अपने स्तर पर भी जनहित के कार्यों में योगदान दे सकते हैं।
रावत ने सामाजिक एकता और आपसी सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि समाज को जोड़ने का कार्य केवल राजनीतिक मंचों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सामाजिक समरसता, सहयोग और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करना वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों का आयोजन में शामिल होने के लिए आभार जताया।
उन्होंने युवाओं को देश की बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को शिक्षा, रोजगार, खेल, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री विवेक त्यागी ने की, जबकि मंच संचालन उत्तराखंड के पूर्व राज्यमंत्री एवं भाजपा नेता सच्चिदानंद पोखरियाल ने किया। पोखरियाल ने अतिथियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों का परिचय कराया तथा तीरथ सिंह रावत के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में उत्तराखंड समाज की बड़ी संख्या है और यहां उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहते हैं।
एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं पत्रकार अपूर्वा चौधरी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने भी तीरथ सिंह रावत का स्वागत किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कौशिक, संगठन मंत्री पवन चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार बृजभूषण, सुमन मिश्रा, निगम पांडे, अनिल कुमार, मनोज तोमर, सुशील मौर्य, पुष्पेंद्र राघव सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बिजनौर से पहुंचे “भारत का बदलता शासन” के प्रभारी आकाश तोमर, पत्रकार डॉ. खुशीराम, डॉ. तुषार भारद्वाज और रिहान जैदी सहित अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
समारोह में गाजियाबाद के डिप्टी मेयर प्रवीन चौधरी, पार्षद मधुकर त्यागी, पार्षद प्रदीप चौधरी, डी.एन. सिंह, बृजपाल तेवतिया, संदीप चौधरी, कृष्ण तेवतिया, शीला भारती, प्रिया बिष्ट, डॉ. संजय, संदीप त्यागी, प्रताप सिंह, मदन मोहन, मनोज पाहवा, सुशीला शर्मा, बालकिशन गुप्ता, अशोक भारती, चिन्मय भारद्वाज, एस.पी. मिश्रा, अनिल जुल्का, विपिन कौशिक, मुकेश शर्मा, बी.बी. मित्तल, विशाल जैन, आनंद भारद्वाज, डॉ. सुभाष तोमर, अंशु चौधरी, महिपाल सिंह, मनमोहन धोंधियाल और योगेंद्र बिष्ट समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। बॉलीवुड अभिनेता निशिकांत त्यागी, डॉ. स्वाति ध्यानी और रितेश ध्यानी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक संगठन सरकार और आम जनता के बीच संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सुरक्षा, युवा विकास, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर संगठनों की सक्रिय भागीदारी से समाज को लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत संगठन आपसी समन्वय के साथ काम करें तो स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकते हैं।
समापन अवसर पर एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अपूर्वा चौधरी ने तीरथ सिंह रावत सहित सभी अतिथियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों के माध्यम से विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने के प्रयास जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के प्रमुख आयोजकों में उत्तराखंड के पूर्व राज्यमंत्री एवं भाजपा नेता सच्चिदानंद पोखरियाल, राष्ट्रीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री विवेक त्यागी तथा एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अपूर्वा चौधरी शामिल रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button