कैराना
कैराना में बंद मकान का ताला तोड़कर सामान चोरी का आरोप, दबंगों ने फिर जड़ा अपना ताला
पीड़ित ने थाने में दी तहरीर, तीन नामजद समेत दो अज्ञात पर कार्रवाई की मांग; मकान के बाहर धमकी भरा नंबर लिखने का भी आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। मोहल्ला अफगानान निवासी कासिम पुत्र हमीद ने थाना कैराना में तहरीर देकर मकान का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी करने और कब्जे की नीयत से दूसरा ताला लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि वह मजदूरी के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपितों ने उसके बंद मकान को निशाना बनाया।
तहरीर के अनुसार, 20 सितंबर की सुबह करीब नौ बजे पड़ोसियों ने फोन कर पीड़ित को सूचना दी कि कुछ अज्ञात उसके मकान पर पहुंचे और उकसे मकान का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया । आरोप है कि आरोपितों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर रखा कीमती सामान चोरी कर लिया और बाद में मकान पर अपना ताला जड़ दिया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपितों ने मकान के बाहर दीवार पर अपना मोबाइल नंबर लिख दिया और धमकी दी कि यदि मकान का ताला खुलवाना है तो उक्त नंबर पर फोन किया जाए। तहरीर में पीड़ित ने बताया कि उसके पिता ने उक्त मकान की वसीयत उसके हक में की थी और तभी से वह मकान पर मालिकाना हक व कब्जे में है।मामले में पीड़ित ने 22 सितंबर को थाना कैराना पहुंचकर तहरीर दी और नामजद व अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


