शामली
‘मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय शिक्षा सदन इण्टर कालेज, झिंझाना में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक शैलेन्द्र मित्तल एवं प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार ने मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने चित्रों, लेखन और प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 8B के नैतिक ने प्रथम, 8A के अयान ने द्वितीय तथा 7B के युवराज व 8A के आतिफ़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12-बी की पायल सैनी प्रथम, कक्षा 11-ए की इरम द्वितीय तथा कक्षा 11-ए की अलीशा तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 9-ए की सना प्रथम, कक्षा 11-बी की शाहीन द्वितीय तथा कक्षा 11-ए की सुहाना तृतीय रहीं।
प्रधानाचार्य श्री प्रवीण कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच पैदा करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिता के विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी।



