गाजियाबाद
‘कबाड़ से जुगाड़’ के जरिए दिया स्वच्छता और पुनर्चक्रण का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : स्वच्छता ही सेवा अभियान के अन्तर्गत जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद द्वारा बुधवार को संस्थान के विभिन्न सब सेंटरों पर ‘कबाड़ से जुगाड़’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ अनुपयोगी वस्तुओं के रचनात्मक पुनः उपयोग के प्रति प्रेरित करना रहा।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, द्वारा आयोजित जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ की थीम पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 23 सितंबर को ‘कबाड़ से जुगाड़’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को कचरा प्रबंधन और पुनर्चक्रण का महत्व समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि स्वच्छता का अर्थ केवल कचरे की सफाई करना ही नहीं, बल्कि उसका उचित प्रबंधन और पुनः उपयोग भी है। घरों, स्कूलों और कार्यालयों से निकलने वाली खाली बोतलें, पुराने टायर, प्लास्टिक के डिब्बे, टूटे बर्तन, गत्ते और पुराने कपड़ों जैसी अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल कर उपयोगी एवं आकर्षक वस्तुएं तैयार की जा सकती हैं। इसे ‘अपसाइक्लिंग’ कहा जाता है, जिसमें बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं को नया उपयोग और महत्व दिया जाता है।
कार्यक्रम का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के सब सेंटर की प्रशिक्षिका श्रीमती नीलम श्रीधर, दीपशिखा, अर्चना वर्मा, एल्मा, अनुदेशक प्रदीप वशिष्ठ सहित लाभार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 82 लोगों ने सहभागिता की।


