बेतुल

बैतूल चोपना-1 पंचायत में एस्टीमेट के विपरीत निर्माण कार्य का आरोप

 पंच ने की तकनीकी जांच की मांग, जनसुनवाई में पहुंची शिकायत

19.42 लाख के घाट-सीसी रोड में बिना लोहा लगाए निर्माण करने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। घोड़ाडोंगरी जनपद की ग्राम पंचायत चोपना-1 में नर नारायण सेवा ग्राम मंदिर के पास तालाब में बन रहे घाट और सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर वार्ड पंच अशोक राय ने शिकायत की है। 22 सितंबर को कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में दिए आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि 13.75 लाख रुपए के घाट निर्माण में लोहे की रॉड का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने स्वीकृत प्राकलन के अनुसार निर्माण की तकनीकी जांच कराने और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की मांग की है।
 शिकायत के अनुसार घाट के लिए 13.75 लाख तथा सौंदर्यीकरण, साइड रेलिंग और सीसी रोड के लिए 5.67 लाख रुपए स्वीकृत हैं। कुल लागत 19.42 लाख रुपए है। अशोक राय का कहना है कि संबंधित इंजीनियर से रॉड के संबंध में पूछने पर एस्टीमेट में इसका प्रावधान नहीं होने की बात कही गई, जबकि उनके अनुसार स्वीकृत प्राकलन में रॉड का उल्लेख है। उन्होंने सरपंच, सचिव और इंजीनियर की भूमिका की भी जांच की मांग की है।
– खेत तालाब मामले में वसूली की सिफारिश
चोपना-1 पंचायत में खेत तालाब योजना की पूर्व जांच का मामला भी सामने आया है। आरटीआई से मिले जिला पंचायत के दस्तावेजों के अनुसार ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री एवं जांच अधिकारी ने 16 जून 2025 को जांच प्रतिवेदन दिया था। इसमें कूटरचित अभिलेखों के आधार पर शासकीय योजना और राशि के दुरुपयोग का उल्लेख है। परिशिष्ट – द- में मध्यप्रदेश पंचायत राज अधिनियम और सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत समानुपातिक वसूली की सिफारिश की गई है।
वसूली के लिए तत्कालीन सरपंच, जनपद सीईओ, वर्तमान सहायक यंत्री, तत्कालीन सहायक यंत्री, मनरेगा एपीओ, उपयंत्री, वर्तमान सचिव, तत्कालीन सचिव, वर्तमान रोजगार सहायक और तत्कालीन रोजगार सहायक के नाम शामिल हैं। पंच ने अब नए निर्माण की जांच कर दोष मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button