
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। थाना हाइवे के अंतर्गत नवीन कृषि मंडी समिति में में आढ़ती की दुकान के समीप तिरपाल में आग लगने पर दुकानदार उसे बुझाने लगा, तभी शातिर उसकी गद्दी पर रखे हजारों की नकदी रखे बैग को लेकर भाग गये। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित आढ़ती ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर सीसीटीवी खंगाल शातिरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घीयामंडी, कोतवाली निवासी औसाफ ने थाना हाईवे में दर्ज करायी रिपोर्ट में कहा है कि मंडी समिति परिसर में उनकी नवाजुद्दीन एण्ड संस के नाम से आढ़त है। बुधवार को वह आढ़त पर मौजूद थे और किसानों को फसल का भुगतान करने के लिए अलग-अलग स्थानों से आने वाली रकम को गद्दी पर रखे बैग में रख रहे थे। आरोप है कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक दुकान के समीप पड़े तिरपाल में आग लग गई। इससे आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गयी। शोर मचाने पर लोगों के सहयोग से वह भी गद्दी छोड़कर तुरंत आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। आग बुझाने के बाद जब वह वापस गद्दी पर पहुंचे तो वहां से नकदी से भरा बैग गायब था। बैग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस टीम ने मौका मुआयना कर मामले की जानकारी की। पीड़ित के अनुसार बैग में कई जगह से माल की रकम आयी थी।



