भरत पुर

सूखे कुएं में कड़बी के नीचे छिपी मिलीं 100 से अधिक कार्टन दवाइयां

पिकअप से दवाइयां कुएं तक पहुंचाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी; अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

भरतपुर : बयाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने एक सूखे कुएं से बड़ी मात्रा में संदिग्ध दवाइयां बरामद कीं। कुएं के अंदर कड़बी के नीचे दवाइयों के कार्टन छिपाकर रखे गए थे। ग्रामीणों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा दवाइयां कुएं में छिपाए जाने की सूचना पुलिस को दी थी।

 सूचना मिलने पर बयाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भरतपुर से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ टीम ने कुएं में उतरकर 100 से अधिक कार्टन दवाइयों के बाहर निकाले। सभी कार्टन पैक हालत में बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दवाइयों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए तक बताई जा रही है। बताया गया है कि दवाइयों की एक्सपायरी डेट भी अभी नहीं निकली है।
 पुलिस ने मामले की जानकारी BCMO डॉ. धर्मेंद्र चौधरी को दी। उनके निर्देश पर झील CHC प्रभारी डॉ. छगनलाल मौके पर पहुंचे। बरामद दवाइयों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर झील का बाड़ा स्थित CHC पहुंचाया गया, जहां दवाइयों की जांच के लिए औषधि विभाग की ADC भी पहुंचीं।
 प्रारंभिक जांच में कार्टनों में डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, एंटी एलर्जी, दर्द निवारक और वजन घटाने से संबंधित दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दवाइयां एक निजी कंपनी की हैं। वहीं, यह भी जानकारी सामने आई है कि एक पिकअप वाहन से बड़ी मात्रा में दवाइयां मिली थीं। हालांकि, दवाइयों के कुएं तक पहुंचने और उन्हें वहां छिपाने की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
 मौके पर बयाना सदर थाना अधिकारी अवतार गुर्जर पुलिस जाब्ते के साथ मौजूद रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयां कुएं में किसने और किस उद्देश्य से छिपाईं। औषधि विभाग की जांच के बाद दवाइयों की वास्तविक स्थिति और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button