गोड्डा

मछली पकड़ने के दौरान गहरे चेक डैम में डूबा युवक

तस्लीम की मौत से गांव में मचा कोहराम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बसंतराय। बसंतराय प्रखंड क्षेत्र के कुमराकोल गांव में रविवार को उस समय मातम पसर गया, जब गांव के चेक डैम में मछली पकड़ने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुमराकोल गांव निवासी मो. तस्लीम के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है।
जानकारी के अनुसार कुमराकोल गांव के चार-पांच युवक, जिनमें मो. तस्लीम, जीशान, आसिफ समेत अन्य युवक शामिल थे, गांव स्थित चेक डैम में मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान जीशान और आसिफ गहरे पानी की ओर चले गए और पैर फिसलने के कारण पानी में डूबने लगे। दोनों को मुश्किल में देखकर तस्लीम ने उन्हें बचाने के लिए बिना देर किए गहरे पानी में छलांग लगा दी।
बताया जा रहा है कि तस्लीम की मदद से जीशान और आसिफ पानी से बाहर निकलने में सफल हो गए, लेकिन तस्लीम खुद गहरे पानी में समा गया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग चेक डैम के पास पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी।
ग्रामीणों लालू पासवान, मोहम्मद खालिद, अब्दुल सत्तार, फिरोज आलम, सुरेश पासवान, पप्पू पासवान, अब्बास, इकबाल, रिजवान और फैजुद्दीन समेत अन्य लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर गहरे पानी में तस्लीम की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे तक ग्रामीणों द्वारा लगातार खोजबीन की गई। काफी मशक्कत के बाद तस्लीम को पानी के अंदर से बाहर निकाला गया।
हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। पानी से बाहर निकालने के बाद तस्लीम में कोई हलचल नहीं थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देखते ही देखते गांव में मातम छा गया।
एक सवाल छोड़ गई दर्दनाक घटना
यह हादसा एक बार फिर गहरे जलाशयों और चेक डैम में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर इतनी गहराई वाले चेक डैम में मछली पकड़ने के दौरान युवाओं को सुरक्षा के प्रति कितना सावधान रहना चाहिए? क्या परिजनों और बड़ों की चेतावनी को नजरअंदाज करना इस तरह की घटनाओं को जन्म दे रहा है, या फिर युवाओं में पानी की गहराई और खतरे को लेकर लापरवाही बढ़ रही है?
एक युवक द्वारा अपने साथियों को बचाने के लिए गहरे पानी में छलांग लगाना उसकी हिम्मत को दर्शाता है, लेकिन इस घटना ने यह भी साबित कर दिया कि गहरे पानी में बिना सुरक्षा के उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि चेक डैम और गहरे जलाशयों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना दोबारा न हो।
तस्लीम की मौत ने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस युवक ने अपने साथियों को बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की, उसकी मौत की खबर ने हर किसी को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button