बालाघाट

संगम सीएलएफ परसवाड़ा की वार्षिक साधारण सभा आयोजित

महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजना पर हुआ मंथन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
परसवाड़ा। संगम महिला आजीविका संगठन स्तरीय संगठन (सीएलएफ) परसवाड़ा की वार्षिक साधारण सभा शनिवार को आयोजित की गई। कार्यक्रम में सीएलएफ से जुड़े महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं, पदाधिकारियों तथा आजीविका मिशन से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। सभा में संगठन की वर्षभर की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
वार्षिक सभा में सीएलएफ द्वारा वर्षभर में किए गए विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों का विवरण सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही संगठन के आय-व्यय का ब्यौरा रखते हुए वित्तीय स्थिति पर चर्चा की गई। महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों, उनके अनुभवों और आगामी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि समूहों से जुड़कर महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। कार्यक्रम में महिलाओं ने गीत एवं नारों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया।
आजीविका मिशन के सहायक विकासखंड प्रबंधक अकलसिंह कुलेश ने मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों और उन्हें पूरा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सीएलएफ, संबंधित संस्थाओं तथा मिशन से जुड़ी सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (सीआरपी) के सहयोग से निरंतर कार्य किया जाएगा।
सभा में महिला समूहों को और अधिक सशक्त बनाने, आजीविका गतिविधियों को विस्तार देने तथा संगठन के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति को लेकर चर्चा हुई। सदस्यों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी रखे। पदाधिकारियों ने समूहों की गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पत्रकार संघ अध्यक्ष राकेश मिश्रा, नरेंद्र शरणागत, संगम सीएलएफ अध्यक्ष इमरती पंडोरे, सचिव विमला उईके, सहसचिव एवं सीएलएफ मैनेजर कुत्ता चौधरी, सुभागी करें, भुनेश्वरी पटले सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं मौजूद रहीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button