गाजियाबाद

हाउस टैक्स में अव्वल, सुविधाओं में बदहाल लोनी का रामेश्वर पार्क

पार्क की दुर्दशा पर फूटा कॉलोनीवासियों का गुस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। लोनी नगर पालिका क्षेत्र की रामेश्वर पार्क कॉलोनी में पार्क की दुर्दशा और
 बदहाली को लेकर स्थानीय निवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। कॉलोनी के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने पार्क की दुर्दशा पर अपनी नाराजगी जताते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और पार्क में विकास कार्य कराने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका को सबसे अधिक हाउस टैक्स राजस्व देने वाली कॉलोनियों में शामिल होने के बावजूद रामेश्वर पार्क आज भी जरूरी मूलभूत सुविधाओं सुविधाओं के लिए तरस रहा है।
पार्क की बदहाली को लेकर एकत्र हुए स्थानीय बुजुर्गों और युवाओं ने कहा कि पार्क का उद्देश्य केवल खाली जमीन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ वातावरण, सुबह-शाम टहलने और आपस में समय बिताने के लिए बेहतर स्थान देना भी है। लेकिन मौजूदा स्थिति में पार्क में बुजुर्गों के बैठने, महिलाओं की सुविधा और बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं।
निवासियों ने मांग की कि पार्क में बुजुर्गों के बैठने के लिए कम से कम पांच सीमेंटेड कुर्सियां लगाई जाएं। साथ ही महिला एवं बुजुर्गों की सुविधा के लिए शौचालय का निर्माण कराया जाए। युवाओं और अन्य लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पार्क में ओपन जिम स्थापित करने की भी मांग उठाई गई।
पार्क की बाउंड्री और युवाओं के लिए अभ्यास की सुविधा की मांग
समाजसेवी धर्मेंद्र त्यागी ने पार्क की सुरक्षा के लिए चारदीवारी कराने की मांग भी की। उनका कहना है कि पार्क की बाउंड्री होने से बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और पार्क का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। इसके अलावा क्षेत्र के ऐसे युवा, जो सिविल सेवा, सेना और पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें शारीरिक अभ्यास के लिए उपयुक्त स्थान मिल सकेगा।
निवासियों के अनुसार
स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई कि नगर पालिका प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए पार्क के विकास के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे कॉलोनी के लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
इस दौरान कुलदीप कुमार, मास्टर नीतू सिंह, सचिन तोमर, दिनेश पाल, विनय गुर्जर, राजेश कुमार, राजेंद्र नेगी, दिनेश सिंह रावत, डॉ. अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में कॉलोनी के बुजुर्ग और युवा मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button